मेरा पूरा नाम वीनस कुमार है। मेरा जन्म जनपद सोनभद्र, उत्तर प्रदेश में हुआ। मैंने अपनी प्रारंभिक एवं माध्यमिक शिक्षा अपने गृह जनपद सोनभद्र से ही प्राप्त की है। शिक्षा ने मुझे न केवल ज्ञान प्रदान किया, बल्कि समाज और प्रशासनिक व्यवस्था को समझने की दृष्टि भी दी। शैक्षणिक जीवन की बात करूँ तो मैं पढ़ाई में शुरू से ही रुचि रखने वाला छात्र रहा हूँ। जब मैं लगभग 10 वर्ष का हुआ था, तभी से मेरे मन में शिक्षा को लेकर अनेक प्रश्न उठते रहते थे और पढ़ने-लिखने में मेरी गहरी रुचि रही। कक्षा 10वीं में मैं अपने विद्यालय का टॉपर छात्र रहा हूँ, जो मेरी निरंतर मेहनत और लगन का परिणाम है। परीक्षा के समय कई बार मन में असफलता का भय रहता था, लेकिन मेरी मेहनत हमेशा रंग लाती रही।
मैंने अपनी स्नातक (Graduation) की पढ़ाई सन् 2024-25 में भाऊ राव देवरस राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सोनभद्र से पूर्ण की है।
वर्तमान समय में मैं पंचायत सहायक के पद पर कार्यरत हूँ। यह पद ग्राम पंचायत और ग्रामीण जनता के बीच सेतु का कार्य करता है। ऐसा माना जाता है कि पंचायत सहायक ग्रामीण क्षेत्र का वो रीढ़ हैं जिसके माध्यम से ग्रामीणों को सभी प्रकार के लाभ एक ही जगह पर मिल जाती हैं। पंचायत सहायक के रूप में कार्य करते हुए मैंने जमीनी स्तर पर शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन, ग्रामवासियों की समस्याओं के समाधान तथा पंचायत के दैनिक प्रशासनिक कार्यों को नजदीक से देखा और समझा है। इस दौरान यह अनुभव हुआ कि पंचायत सहायक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होने के बावजूद उन्हें अपने कार्य के दौरान अनेक व्यावहारिक कठिनाइयों और चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।
वर्तमान में पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन उत्तर प्रदेश ने मुझे प्रदेश स्तर पर प्रदेश संयोजक पद का जिम्मेदारी दी है. उन सभी पंचायत सहायक व प्रदेश कार्यकारिणी को धन्यवाद जिन्होंने मुझे इस लायक समझा। मैं सभी को विश्वास दिलाता हूं कि मैं अपने कार्यों एवं दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करूंगा। तथा पंचायत सहायक के दर्द को उच्च स्तर पर ले जाने का कार्य करूंगा।
मेरा विशेष कार्य प्रदेश स्तर पर संगठन का समन्वय करना, जिला/ब्लॉक इकाइयों से संपर्क बनाए रखना, संगठन के निर्णयों को लागू कराना, बैठकें व कार्यक्रम आयोजित करना, सदस्यों की समस्याएं उच्च स्तर तक पहुंचाना और संगठन विस्तार व अनुशासन बनाए रखना है।
गाँव की हर फ़ाइल में मेरा नाम नहीं, पर हर काम में मेरी पहचान सही।
काग़ज़ से लेकर पोर्टल तक संभालूँ मैं, सरकार और जनता के बीच खड़ा रहूँ मैं।
सुबह पंचायत, शाम जनता का सवाल, हर योजना में मेरा ही होता है हाल।
आवास, पेंशन, मनरेगा का लेखा-जोखा, सब कुछ मैं करूँ, फिर भी रहूँ अनदेखा।
कंप्यूटर की स्क्रीन मेरी दुनिया बन गई, हर एंट्री में मेहनत मेरी झलक गई।
नाम भले ही सहायक हो पद का मेरा, जिम्मेदारियों में पूरा अफ़सर बन गया।
पर जब बात आती है मेहनत की कीमत की, तो चुप्पी मिलती है किस्मत की लिखत की।
कम मानदेय में सपने बोझ बन जाते हैं, घर की ज़रूरतें अक्सर समझौते माँग जाते हैं।
फिर भी शिकायत नहीं, सेवा का भाव है, माटी से जुड़ा मेरा हर एक स्वभाव है।
उम्मीद है एक दिन मेहनत पहचानी जाएगी, पंचायत सहायक की क़दर भी बढ़ाई जाएगी।
मैं स्वयं को एक मेहनती, जिम्मेदार, अनुशासनप्रिय एवं लक्ष्य के प्रति समर्पित व्यक्ति मानता हूँ और जीवन में निरंतर आगे बढ़ते हुए समाज और परिवार के लिए कुछ अच्छा करने का प्रयास करता हूँ।
ग्रामीण स्तर पर मेरा के मुख्य कार्य ग्राम पंचायत के ऑनलाइन कार्यों को संभालना, सरकारी योजनाओं का डाटा एंट्री और रिकॉर्ड रखरखाव, जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र आदि से संबंधित सहायता, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, पेंशन, शौचालय योजना आदि का कार्य, ग्रामवासियों की समस्याओं को सुनकर संबंधित विभाग तक पहुँचाना, पंचायत कार्यालय में आने वाले लोगों को जानकारी और मार्गदर्शन देना तथा पंचायत से जुड़े दस्तावेज़ों को डिजिटल रूप में अपडेट रखना है।


